बिछिया (उन्नाव)। बेटे की बरात की तैयारियों के बीच रविवार सुबह बीमार मां की हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने के दौरान मां ने दम तोड़ दिया। बेटे का सेहरा देखे बिना ही मां के जाने से परिजन बदहवास हो गए।
दही थाना क्षेत्र के निधानखेड़ा मजरे ओरहर गांव निवासी शंकर के बेटे जितेंद्र की बरात रविवार शाम को अजगैन कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव जानी थी। रिश्तेदारों का घर पर जमावड़ा था।
जितेंद्र की मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन (45) को दो दिन से बुखार आ रहा था। सुबह लगभग आठ बजे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। शव घर पहुंचा तो शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। कन्या पक्ष को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने सादगी के साथ दुल्हन को विदा करने का प्रस्ताव रखा। परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद शादी कब होगी, इसका निर्णय लेने की बात कही है।