उन्नाव। जेल में बंदी और कैदियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए एक बार फिर मुलाकात पर रोक लगाई है। अब जेल के पीसीओ से बंदी और कैदी परिजनों से बात कर सकेंगे।
जेल में 1326 कैदी व बंदी हैं। 16 अगस्त 2021 को मुलाकात बहाल कर दी गई थी। अभी चार माह भी न बीते कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रकोप को लेकर एक बार फिर जेल में बाहरी संपर्क पर रोक लगा दी गई है। प्रभारी जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रविवार दो जनवरी से आदेश प्रभावी कर दिया गया है। जेल के बाहर दीवारों पर पंपलेट भी चस्पा करा दिए गए हैं। प्रभारी जेल अधीक्षक ने बताया कि कोरोना के केस बढ़े तो अस्थायी जेल फिर से शुरू की जाएगी। कोरोना टेस्ट के बाद ही बंदियों को जेल में लिया जाएगा।