उन्नाव के सफीपुर में दो सगी बहनों से शादी करना युवक को महंगा पड़ गया। एक के ही घर में रहने की बात कह दोनों बहनों में बुधवार को जमकर मारपीट हुई। मामला कोतवाली पहुंचा तो पुलिस भी दोनों की बात सुनकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाल सकी। बड़ी बहन ने मंदिर व छोटी बहन ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने का दावा किया है।
दो पत्नियाें के विवाद में अब पुलिस ने पति पर शिकंजा कसना शुरू किया है। पति ने दोनों बहनों को साथ रखने पर रजामंदी जताई पर दोनों बहनें साथ रहने को राजी नहीं है। अटवा गाव निवासी रामप्रताप मिश्रा की बड़ी बेटी आशा मिश्रा का दावा है कि उसने एक दिसंबर 2016 को इसी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी आनंद से मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद आनंद उसे ससुराल ले गया।
इसी बीच पति की नजदीकियां उसकी छोटी बहन प्रभावती से हो गईं। छोटी बहन ने पति से शादी करने की जिद की। आशा का आरोप है कि उसके विरोध करने के बाद भी पति छोटी बहन से शादी के लिए तैयार हो गया। मायके वालों की रजामंदी से छोटी बहन प्रभावती के साथ 8 मई 2017 को हिंदू-रीति रिवाज के अनुसार उसकी शादी हो गई। शादी के बाद छोटी बहन अक्सर उससे झगड़ा करने लगी।