उन्नाव। मिलावटी शराब व ओवरेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने तैयारी कर ली है। अब शराब खरीददार दुकान पर खुद इस बात की जांच कर सकेगा कि शराब असली है या नकली। जल्द ही जिले की सभी लाइसेंसी शराब दुकानों को प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनों से लैस किया जाएगा। मशीन पर बोतल को स्कैन करते ही शराब असली है या नकली, इसकी जानकारी मिल जाएगी। मशीन सिर्फ विभाग द्वारा सप्लाई की गई शराब की परख करेगी।
जिले में देशी, अंग्रेजी, बीयर की 498 दुकानें हैं। इसमें सात मॉडल शॉप भी हैं। लाइसेंसी दुकानों पर मिलावटी व ओवरेट में शराब बिक्री का खेल किसी से छिपा नहीं है। पूर्व में कई बार मिलावटी शराब होने का दावा कर लोग शराब दुकानों में हंगामा भी कर चुके हैं। मिलावटी शराब पीने से कई लोग जान भी गवां चुके हैं, हलांकि पुलिस के पचरे से बचने के लिए परिजनों के शिकायत न करने से मामले दब गए।
मिलावटी शराब के खेल पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने नई व्यवस्था के तहत लाइसेंसी दुकानों पर पीओएस मशीन लगाना सुनिश्चित किया है। शराब की बोतल पर बार कोड को पीओएस मशीन से स्कैन करते ही शराब का ब्रांड, गुणवत्ता, मात्रा, व रेट समेत अन्य जानकारियां मशीन की स्क्रीन पर दिखने लगेंगी। शराब ठेका संचालक ग्राहक को बिल भी देना होगा। शराब मिलावटी हुई तो पीओएस मशीन से बिल नहीं निकलेगा।
---
यह होगा फायदा
-प्रदेश व जिला मुख्यालय पर अधिकारी इस डाटा को चेक कर सकेंगे।
-मशीन मुख्यालय व जिला आबकारी अधिकारी के कंप्यूटर से जुड़ी होगी।
-सेल्समैन द्वारा बोतल को स्कैन करते ही उसका पूरा ब्योरा फीड हो जाएगा।
-किस दुकान पर कितनी बिक्री की गई उसकी तारीख समेत पूरा ब्योरा फीड होगा।
---
शराब दुकानों का ब्योरा
बीयर दुकानों की संख्या-70
मॉडल शॉप- 07
देशी शराब की दुकानों की संख्या-336
अंग्रेजी शराब की दुकानें-85
--
मिलेगा डिजिटल अल्कोहल मीटर
नई व्यवस्था के तहत अब आबकारी विभाग को जल्द ही डिजिटल अल्कोहल मीटर उपलब्ध कराए जाएंगे। किसी भी दुकान पर जांच के दौरान डिजिटल अल्कोहल मीटर से शराब की तीव्रता और गुणवत्ता का पता तुरंत चल जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों और निरीक्षकों के वाहनों को जीपीएस सिस्टम से लैस किया जाएगा।
--
बोले आबकारी अधिकारी
आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही दुकानों में पीओएस मशीनें लगनी शुरू हो जाएंगीं। इसके बाद शराब की बिक्री पीओएस के जरिए ही होगी। मशीने लगने के बाद कोई भी मिलावटी या ओवर रेट पर शराब नहीं बेच पाएगा।