बांगरमऊ। बीमा कंपनी के अभिकर्ता की सोमवार संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी ने महिला व उसके प्रेमी पर पति को जहर देकर मारने की आशंका जता तहरीर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
थाना आसीवन के नयाखेड़ा गांव निवासी बीमा कंपनी के अभिकर्ता अनिल कुमार (49) की पत्नी रामजानकी बच्चों के साथ गांव में रहती है। सोमवार को अनिल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी रामजानकी का आरोप है कि बांगरमऊ के गणेशगंज मोहल्ले में किराये पर रहने वाली महिला के घर पति का आना-जाना था। कुछ दिन से पति उसके घर पर ही रह रहा था। रविवार को वह गांव आया था। सोमवार को फिर महिला के पास चला गया था। जहां उसकी मौत हो गई।
पत्नी रामजानकी ने महिला और उसके प्रेमी पर पति को जहर देकर मार डालने की आशंका जता तहरीर दी है। रामजानकी के अनुसार पति का लिखा हुआ एक पत्र भी उसे मिला है। आरोप से घिरी महिला के अनुसार अनिल सोमवार को उसके घर आया था। दोपहर को उसकी हालत बिगड़ गई, जिस पर उसे सीएचसी ले गई। जहां जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।