उन्नाव के औरास में बुखार की चपेट में आए पति की मौत के 24 घंटे बाद सदमे में पत्नी की भी जान चली गई। वृद्ध दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। खेत में पति के शव के पास ही पत्नी के शव का भी अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
हाजीपुर गोशा गांव निवासी अहिबरन पाल (60) लखनऊ में आवास विकास परिषद से सेवानिवृत्त थे। वह लखनऊ के राजाजीपुरम मोहल्ले में अपने निजी मकान में पत्नी सावित्री और छोटी बेटी रोली के साथ रहते थे।
शुक्रवार को उनको बुखार आने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार सुबह अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। भतीजे गुड्डू के मुताबिक उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। |
विज्ञापन
रविवार शाम शव को गांव लाकर खेत में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पति की मौत का सदमा बर्दाश्त न कर सकी पत्नी सावित्री ने भी सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। दो दिन के अंतराल में दंपती की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। दोनों की मौत से बेटी रोली और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।