नगर पालिका कार्यालय में गृह व जलकर जमा करते लोग।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। नगर पालिका परिषद का कर महकमा अब तक पंचसाला कर निर्धारण नहीं कर सका है। इसलिए गृहस्वामियों को पुनरीक्षित के बजाय पहले से निर्धारित कर जमा करना पड़ेगा। पुनरीक्षित कर में बढ़ने वाली धनराशि का भुगतान उन्हें बाद में करना पड़ेगा।
वित्तीय वर्ष में कर निर्धारण करते हुए शासन के निर्देशों के तहत वृद्धि की जानी थी। इसके लिए पालिका ने सर्वे तो शुरू कराया, लेकिन लॉकडाउन होने से सभी गतिविधियों सहित कर निर्धारण की प्रक्रिया भी थमी रही। इसलिए अनलॉक शुरू होने के बाद से अब तक शहर के अधिकांश वार्डों में नोटिस जारी करते हुए आपत्ति सुनने की प्रक्रिया भी नहीं शुरू हो सकी है।
वित्तीय वर्ष का अंतिम माह शुरू होने से गृहस्वामियों में गृह व जलकर जमा करना शुरू कर दिया है। पालिका प्रशासन फिलहाल पिछले वित्तीय वर्ष की दर से ही कर जमा करा रहा है। इससे गृहस्वामियों को पंचसाला कर निर्धारण पूरा होने के बाद तय होने वाले कर में बढ़ी हुई रकम का भुगतान भी करना होगा। इस तरह गृहस्वामियों को दोहरी मेहनत करनी होगी।
अधिशासी अधिकारी आरपी श्रीवास्तव ने बताया कि वह अधिकारियों को लगातार नोटिस जारी करते हुए कर निर्धारण लागू करने के निर्देश जारी कर रहे थे लेकिन संसाधन उपलब्ध कराने के बाद भी कर अधीक्षक समय पर कार्य नहीं पूर्ण करा सके। वहीं कर अधीक्षक का कहना है कोविड-लॉकडाउन में काम पिछड़ने से मुश्किल आई है। जल्दी से जल्दी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।