अचलगंज। सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक क्षेत्र के सीएचसी लोहचा में डॉक्टर व टेक्नीशियन तो हैं लेकिन उपकरण न होने से जांच की सुविधा नहीं है। डॉक्टर मरीजों को सिर्फ दवा लिखकर ही वापस कर देते हैं। मरीज महंगे दामों में बाहर जांच कराने को मजबूर हैं। यहां एक्सरे टेक्नीशियन तो है लेकिन जांच के लिए मशीन नहीं है।
लोहचा में 10 साल पहले सीएचसी बनी थी। करीब 10 लाख की आबादी इस पर निर्भर है। ओपीडी में रोजाना 250 से 300 मरीज आते हैं। यहां जांच मशीनें न होने से मरीजों को हजारों रुपये बाहर खर्च करने पड़ते हैं। बाहर जांच केंद्रों पर जांचें काफी महंगी होती हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए तीन माह पहले जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष हरिसहाय मिश्र मदन ने अस्पताल को गोद लिया था।
सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष बाजपेई ने बताया कि उपकरण की व्यवस्थाओं के लिए सीएमओ को कई बार पत्र लिखा गया है लेकिन अभी तक कुछ हल नहीं निकला है। मरीजों को सीएचसी मेें ही जांच सुविधाएं उपलब्ध हों इसके लिए लगातार प्रयास चल रहा है।