सरस्वती मेडिकल कॉलेज में गेट पर धरना देते जूनियर डॉक्टर। संवाद
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज। निजी मेडिकल कॉलेज में वेतन न मिलने से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने बुधवार को स्वास्थ्य सेवाएं बाधित कर दीं। डॉक्टरों ने तीन महीने से वेतन न मिलने का आरोप लगाते हुए मेडिकल कालेज के गेट पर धरना दिया। निदेशक ने एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन दिया। इस पर तीन घंटे बाद धरना समाप्त हुआ।
सरस्वती मेडिकल कॉलेज में 50 जूनियर डॉक्टरों की तैनाती है। इन डॉक्टरों को सितंबर महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बाद कॉलेज के निदेशक से वेतन देने के लिए कहा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे मजबूरी में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित करनी पड़ी। डॉक्टरों का कहना था कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा काम पर नहीं लौटेंगे। मरीज की जिंदगी से हम खिलवाड़ नहीं कर सकते। इसलिए आकस्मिक सेवाएं शुरू रखीं। धरने की सूचना पर निदेशक सौरभ कंवर मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों से वार्ता की। एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। धरने में डॉ. प्रशांत, डॉ. अभिषेक, अमित, राजीव, अनुराग उपस्थित रहे। निदेशक ने बताया कि सभी का वेतन उनके खाते में भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है। सर्वर में दिक्कत होने से खाते में वेतन पहुंचने में देर हुई है।