उन्नाव। बुखार पीड़ित मरीजों की आई रिपोर्ट में चार और डेंगू संक्रमित मिले हैं। यह रिपोर्ट आने के बाद जिले में अब तक डेंगू संक्रमितों की संख्या 74 पहुंच गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग संबंधित क्षेत्रों के लोगों के सैंपल लेगा। एंटी लार्वा का छिड़काव भी किया जाएगा।
लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजे गए डेंगू जांच के लिए 17 सैंपल में 10 की रिपोर्ट आई है। इसमें शहर के मुल्लाह नगर निवासी शिवनरेश (40), गंजमुरादाबाद के रघुरामपुर के प्रतीक (17), पड़रिया टोला की हानिया (11) पुत्री इमताब व अचलगंज के सरोज (55) डेंगू संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि रविवार को संबंधित क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव व जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे।
पिछले साल पांच महीने (जुलाई से नवंबर) डेंगू के जितने मरीज मिले थे लगभग उतने मरीज इस बार चार महीने में ही सामने आ चुके हैं। अभी लखनऊ से 17 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
जिले में बुखार के साथ डेंगू मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एक सप्ताह से पीड़ित बुखार मरीजों के डेंगू जांच के लिए सैंपल भेज रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी रमेश यादव के मुताबिक जुलाई से नवंबर महीने तक का समय डेंगू मरीजों का पीक समय माना गया है। साल 2020 में इन पांच महीनों में डेंगू मरीजों की संख्या 102 थी। साल 2021 में जुलाई से अक्तूबर महीने तक 70 मरीज मिल चुके हैं।