उन्नाव। मौसम में बदलाव के साथ ही संक्रामक बीमारियां भी बढ़ रही हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार के 277 मरीज पहुंचे। इसमें आठ मरीजों में मियादी बुखार की पुष्टि हुई। बुखार के नौ गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों को दिखाने के लिए बुधवार को 970 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें बुखार के 277 मरीज आए। इनमें 170 बच्चे शामिल हैं। बुखार पीड़ित मरीजों की पैथोलॉजी में जांच कराई गई। आठ मरीजों में मियादी बुखार की पुष्टि हुई। इमरजेंसी पहुंची इंद्रानगर की ज्योत्सना (22) पुत्री राजाराम, शंकर सहाय त्रिपाठी (52), सफीपुर के मवई बृम्हनान के जागेश्वर (21), रामनगर के उत्तम (37), पटियारा की गौरी पांडेय (24), सरौहां के धनीराम (75), माखी की रामवती (65), पूरननगर के अंशू (25) व कब्बाखेड़ा के दीपक (35) को भर्ती कराया गया है।
सीएमओ कार्यालय से एक सप्ताह पहले बुखार मरीजों की डेंगू जांच के लिए 150 सैंपल लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजे गए थे। बुधवार को आई 85 सैंपलों की जांच रिपोर्ट में जिले में तो कोई भी डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला है, लेकिन हरदोई के मल्लावा निवासी दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि इन दोनों युवकों ने गंजमुरादाबाद स्वास्थ्य केंद्र में जांच के लिए सैंपल दिए थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हरदोई जिले के सीएमओ को इसकी जानकारी दे दी गई है।