उन्नाव। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित हुए लोग कोविड से तो ठीक हो गए, लेकिन अन्य बीमारियों की चपेट में आ गए। कई मरीजों की आंखों में रोशनी कम हो गई तो कई रक्तचाप की समस्याओं से जूझ रहे हैं। 15 फीसदी मरीज डायबिटीज के शिकार हैं।
मार्च से अब तक जिले में 14885 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें 14603 मरीज ठीक भी हुए हैं। कोरोना को हराने के बाद अब कई लोगों को अन्य बीमारियों ने घेर रखा है। जिले में कोरोना से ठीक होने के बाद दोबारा बुखार आने पर छह फीसदी लोगों की आंखों में दिक्कत है। आठ फीसदी लोग रक्तचाप से परेशान हैं। इसमें सबसे अधिक 15 फीसदी लोग डायबिटीज के शिकार हो गए हैं। जिला अस्पताल में पोस्ट कोविड मरीजों को देख रहे सीनियर फिजीशियन डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि कोरोना से ठीक होेने वाले अधिकतर मरीज डायबिटीज से परेशान हैं। इसमें शुगर का स्तर 350 से 400 के पार पहुंच रहा है। पहली बार शुगर के शिकार लोग तो दो से तीन महीने में कवर हो रही है। अन्य मरीजों के ठीक होने में थोड़ा समय लग रहा है।