उन्नाव। जिले में कोरोना से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। सोमवार को रिकार्ड 393 कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमितों में एसडीएम बीघापुर, एक लेखपाल, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ, औरास, मियागंज के चिकित्सा प्रभारी, गंजमुरादाबाद स्वास्थ्य केंद्र के एमओआईसी, मौरावां सीएचसी में तैनात एक डॉक्टर व दो फार्मासिस्ट, पुरवा सीएचसी के एक डॉक्टर और कंट्रोलरूम का एक कर्मी शामिल है।
हसनगंज निवासी 55 वर्षीय महिला को कोरोना से संक्रमित होने पर सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उसकी मौत हो गई। मियागंज के रसूलाबाद निवासी 58 वर्षीय वृद्ध ने सोमवार को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। सीएमओ डॉ. आशुतोष ने बताया कि सोमवार को जिले में 2189 लोगों ने एंटीजन किट से जांच कराई। इसमें 57 लोग संक्रमित मिले। आरटीपीसीआर जांच में 329 और ट्रूूनेट से जांच में चार लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में शहर के 59, शुक्लागंज के 29, बांगरमऊ के 28, असोहा के 19, फतेहपुर चौरासी के आठ, गंजमुरादाबाद के 14, बिछिया के एक, मियागंज के 22, हसनगंज के पांच, हिलौली के 35 लोग संक्रमित हैं। बीघापुर के 12, सफीपुर के 31, सरोसी के सात, पुरवा के 15, नवाबगंज के 27, औरास के 24, सुमेरपुर के 12 और सिकंदरपुर करन के 38 लोग भी संक्रमित मिले हैं। जिले में कोरोना के सक्रिय केस की संख्या 1442 हो गई है। सोमवार को 73 लोग संक्रमण से स्वस्थ हुए।