नवाबगंज। महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति के तहत बुधवार को आशाखेड़ा पूर्व माध्यमिक जूनियर हाईस्कूल में छात्राओं को जागरूक किया।
आरक्षी तरुणरानी ने कहा कि रास्ते में छींटाकशी, छेड़खानी व सोशल मीडिया के माध्यम से कोई परेशान करे तो टोल फ्री नंबर 112, 1090, 1076 व 1073 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पुलिस गोपनीय रखती है। शिकायत के लिए थानों में महिला हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।
शिकायत मिलने पर महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पीड़िता की सहायता के लिए उपस्थित रहती हैं। आरक्षी ज्योति ने बताया कि रास्ते में यदि कोई छेड़खानी करे तो डरे नहीं आगे बढ़ते रहें, चिल्लाएं, मोबाइल चालू रखें। इस दौरान स्कूल की कार्यवाहक प्रधान शिक्षिका सुषमा उपस्थित रहीं।