उन्नाव। शहर के मोहल्ला आदर्श नगर स्थित एक रेस्टोरेंट के पास प्रेमी को दूसरी महिला (पत्नी) के साथ देख युवती का पारा चढ़ गया। युवती व दूसरी महिला में जमकर विवाद हुआ। मारपीट में युवती को चोटें आईं। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां भी विवाद करने पर चौकी में बैठाया गया।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पत्नी के साथ शहर के शांति नगर में किराये के मकान में रहता है। कुछ समय पहले पत्नी की शहर के ही एक युवक से नजदीकी बढ़ गईं। इससे वह युवक के साथ रहने लगी। तभी उसका पति काशीराम कालोनी निवासी एक महिला के संपर्क में आ गया। कुछ दिन तक तो सब ऐसे ही चलता रहा। करीब दो सप्ताह पहले युवती को उसके प्रेमी ने छोड़ दिया। इससे वह फिर पति के साथ आकर रहने लगी।
शनिवार को आदर्श नगर मोहल्ला स्थित एक रेस्टोरेंट के पास पति-पत्नी खड़े थे। इसका पता काशीराम कालोनी में रहने वाली महिला को चला तो वह भी पहुंच गई। इससे विवाद होने के साथ मारपीट हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पहुंची लेकिन काफी देर तक वह मूकदर्शक बनी रही। मारपीट में काशीराम कालोनी में रहने वाली प्रेमिका को चोटें आईं। पुलिस सभी को अस्पताल लाई तो वहां भी विवाद होने लगा। इस पर तीनों को अस्पताल चौकी में बैठाया गया। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। सीओ सिटी सोनम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहां खड़े पुलिसकर्मियों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।