उन्नाव। पाठकपुर के निकट बाइक की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत हो गई। जबकि आसीवन थानाक्षेत्र में चकलवंशी संडीला मार्ग पर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। शिक्षिका को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वह हेलमेट नहीं लगाए थी।
असोहा थानाक्षेत्र के नौगवां निवासी सुरेश (35) पुत्र परमेश्वर गुरुवार शाम पाठकपुर बाजार खरीदारी करने गया था। वह साइकिल से घर लौट रहा था। पाठकपुर-सोहरामऊ मार्ग पर गोरिंदा के पास एक बाइक सवार युवक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश व बाइक सवार वीरू पुत्र रामआसरे निवासी पाठकपुर घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने असोहा अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाइक सवार वीरू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक सवाक हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसी तरह आसीवन थानाक्षेत्र में चकलवंशी संडीला मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार सदर कोतवाली के कब्बा खेड़ा निवासी प्रीती यादव(30) पत्नी धीरेंद्र यादव घायल हो गईं। वह हसनगंज प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। शुक्रवार सुबह वह स्कूटी से विद्यालय जा रही थी। पीछे से आ रही स्कूल के अन्य शिक्षकों ने प्रीती को अस्पताल में भर्ती कराया।