बार एसोसिएशन में पत्रकारों को जानकारी देते महामंत्री जितेंद्र सिंह व मौजूद एल्डर कमेटी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने एल्डर कमेटी के चेयरमैन व चुनाव अधिकारी पर चुनाव में मनमानी का आरोप लगाया है। एल्डर कमेटी के पांच में से तीन सदस्य भी बार एसोसिएशन अध्यक्ष के पक्ष में आ गए हैं। उधर, एल्डर कमेटी के चुनाव अधिकारी ने बार एसोसिएशन के कुछ पदाधिकारियों पर एसोसिएशन का चुनाव कराने में अवरोध पैदा करने का अरोप लगाया है।
बार एसोसिएशन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर सिंह यादव ने कहा कि चुनाव को लेकर एल्डर कमेटी के चेयरमैन हरिश्चंद्र शुक्ला व चुनाव अधिकारी बालकृष्ण बाजपेई मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। पिछले चुनावों के आय-व्यय का ब्योरा भी नहीं दिया। वोटर लिस्ट में वर्तमान कार्यकारिणी के कई सदस्यों के नाम भी शामिल नहीं किए गए। पांच सदस्यीय एल्डर कमेटी के तीन सदस्य, बाबू जयराम सिंह, उपचुनाव अधिकारी प्रकाश कुमार निगम व विजय कुमार शुक्ल भी पत्रकार वार्ता में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि एल्डर कमेटी चेयरमैन के पुत्र सौरभ शुक्ला चुनाव संबंधी कार्य में शामिल हैं। चुनाव अधिकारी बालकृष्ण बाजपेई चुनाव संबंधी कागज नहीं दिखाते। एकतरफा कार्रवाई बार एसोसिएशन के माडल बाइलाज के विरूद्ध है।
बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ एल्डर कमेटी के सदस्यों ने एल्डर कमेटी के चेयरमैन व चुनाव अधिकारी को हटाए जाने संबंधी मांग पत्र का समर्थन किया। बार एसोसिएशन महामंत्री जीतेंद्र सिंह ‘जीतू’, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दीपनारायण त्रिवेदी, कमलेश सिंह सिसौदिया, गिरीश मिश्रा, ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, महेंद्र बहादुर सिंह, सुशील कुमार शुक्ला, रामसुमेर सिंह, ओमप्रकाश अवस्थी, दीपक यादव, रश्मि मोहन अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।
चुनाव अधिकारी बालकृष्ण बाजपेई ने शुक्रवार देर शाम प्रेसनोट जारी किया। उनका आरोप है कि मौजूदा बार एसोसिएशन अध्यक्ष व मंत्री चुनाव कराने में अवरोध पैदा कर रहे हैं। अध्यक्ष व मंत्री का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसके बाद भी वह पद त्यागना नहीं चाहते। उन्होंने एल्डर कमेटी के तीन जूनियर सदस्यों को अपनी साजिश में शामिल कर लिया। उनके द्वारा एल्डर कमेटी के चेयरमैन और चुनाव अधिकारी पर आरोप लगा एक महीने में तीसरी बार अनाधिकृत तरीके से निष्कासन का दावा कर दिया। अध्यक्ष को नई एल्डर कमेटी बनाने का कोई अधिकार नहीं है। चुनाव अधिकारी ने ब्योरा व कार्रवाई रजिस्टर की फोटो भी उपलब्ध कराई।