संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। तिलक समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे चलाने की मांग पूरी न हो पाने से नाराज कन्या पक्ष के लोगों ने वर पक्ष के दो भाइयों को पीट दिया। घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के उड़ंक पुरवा निवासी होरी लाल ने बताया कि शनिवार रात गांव के नीरज का तिलक चढ़ाने फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सेलापुर से वधू पक्ष के लोग आए थे। देर रात डीजे की आवाज धीमी कर दी गई। जिस पर वधू पक्ष के सेलापुर निवासी अंबर लाल व उसके पुत्र सुभाष, कुलदीप, मुन्नी लाल डीजे की आवाज तेज करने की जिद की। गांव के गोकरन ने मना किया तो चारों लोगों ने कुर्सी उठाकर मारना शुरू कर दिया।
गोकरन को बचाने पहुंचे भाई होरी लाल को भी पीटा। आवाज सुनकर दौड़े अन्य लोगों ने बचाकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने बताया कि सभी आरोपी मारपीट कर भाग निकले थे। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।