उन्नाव। हाल ही में भर्ती हुए अग्निशमन रिक्रूटों के प्रशिक्षण से पूर्व ट्रेनिंग सेंटर में उपलब्ध संसाधनों और क्षमता की जानकारी करने के लिए अग्निशमन महानिदेशक ने बुधवार को दोस्तीनगर स्थित अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया।
गुरुवार दोपहर अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे डीजी फायर आलोक प्रसाद ने कार्यशाला, बैरक, हास्टल, प्रशिक्षण हाल, मेस और ट्रेनिंग में उपयोग होने वाले उपकरणों का जायजा लिया। उन्नाव के ट्रेनिंग सेंटर में अधिकतम 250 प्रशिक्षणार्थियों की जगह है। हाल ही में प्रदेश में 1292 जवानों की भर्ती हुई है।
उन्हें आग बुझाने का प्रशिक्षण दिया जाना है। इसके लिए प्रदेश के सभी प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। पत्रकारों से बताया कि रिक्रूटों को परंपरागत प्रशिक्षण के साथ ही वर्तमान में जवानों के सामने आ रही नई चुनौतियों से भी निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कंप्यूटर प्रशिक्षण की भी आवश्यकता जताई।
बताया कि उन्नाव के इस प्रशिक्षण केंद्र में उपकरणों और संसाधनों का रखरखाव ठीक है। जो आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीजी फायर जीपी शर्मा, डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव, कमांडेंट वाईबी द्विवेदी और एफएसओ जेपी सिंह आदि रहे।