उन्नाव। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने ऑॅनलाइन ट्रेडिंग और सौ फीसदी एफडीआई के विरोध में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को प्रेषित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव की अगुवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे पदाधिकारियों व व्यापारियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और एफडीआई का विरोध किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन कारोबार को बढ़ावा दिए जाने से कारोबार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने जीएसटी गुड्स एंड सर्विस टैक्स, आईटी इनकम टैक्स सहित चार प्रमुख कर समाप्त करने और एक बीटीटी (बैंक ट्रांजेक्शन टैक्स) लागू करने की मांग की। कहा कि सौ फीसदी एफडीआई के माध्यम से बहुराष्ट्रीय कंपनियां वर्चस्व स्थापित करने के लिए समय-समय पर ग्राहकों को आकर्षित करने की स्कीम चलाती हैं। इससे खुदरा कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट बढ़ता जा रहा है। एक देश एक टैक्स के दावे के विपरीत व्यापारियों को जीएसटी, इनकम टैक्स, टीडीएस व एक्साइज ड्यूटी भरनी पड़ती है। इन सभी करों को समाप्त करते हुए बीटीटी प्रणाली लागू की जानी चाहिए।
व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को प्रेषित छह सूत्री ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नन्हकू को दिया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष संजय शुक्ल, राजीव सिंह, नवीन तिवारी, इश्तियाक गौरी, शैलेंद्र गुप्त, विमलेश साहू, रमाकांत द्विवेदी, संजय त्रिपाठी, महेश गुप्त, सुमित गुप्त, दिनेश कुशवाहा, देवकांत मौजूद रहे।