अचलगंज। छुट्टी लेकर घर आए ट्रक चालक का घर में फंदे से शव लटका मिला। पोस्टमार्टम फंदा लगाने (हैंगिंग) से मौत की पुष्टि हुई है। उसकी दाहिनी आंख के पास, पेट और दोनों पैर में चोटें मिली हैं। विसरा सुरक्षित किया गया है।
अचलगंज के शिवपुर कुर्मियान गांव निवासी पवन कुमार (33) ट्रक चालक था। दो दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर पत्नी रत्नी पहुंची तो पति का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर नेवरना पुलिस चौकी प्रभारी विनय यादव पहुंचे और जांच की। परिजनों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है।
मृतक पवन के चाचा शिवमोहन के संतान न होने से वह उन्हीं के साथ रहता था। मृतक के दो बेटों में एक पांच और दूसरा सात साल का है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले पवन पर ट्रक में लदा माल बेचने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पवन के पिता राममोहन की एक सप्ताह पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। चौकी प्रभारी विनय यादव ने बताया कि जांच और परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।