गुरुनानक जयंती पर गुरुद्वारे में गुरुग्रंथ साहिब के सामने माथा टेकती महिला श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। गुरुनानक देव की जयंती धूमधाम से मनाई गई। शहर में स्थित गुरुद्वारे में सुबह से ही भीड़ रही। लोगों ने शबद-कीर्तन के बीच गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका। दोपहर को शुरू हुआ लंगर देर शाम तक चला।
गुरुनानक देव का 552वां प्रकाश उत्सव स्थानीय गुरुद्वारे में धूमधाम से मनाया गया। पहले स्कूली बच्चों ने कीर्तन गाकर संगत को निहाल किया। इसके बाद गुरु सिंह सभा के हुजूरी रागी शुभम सिंह और अजीत पाल सिंह ने कीर्तन कर सभी को निहाल किया। इसके दोपहर बाद दो बजे कानपुर गुमटी नंबर पांच के गुरुद्वारा से आए भाई अमृतपाल सिंह व उनके रागी जत्थे ने कीर्तन किया। ग्रंथी ज्ञानी अमर सिंह ने गुरुग्रंथ साहिब का पाठ कर गुरु नानक देव के बताए रास्ते पर चलने की बात कही। दोपहर एक बजे शुरू हुआ लंगर देर शाम तक चला। सीडीओ दिव्यांशु पटेल, एएसपी शशि शेखर सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, महिला कांग्रेस की मध्य जोन की प्रभारी उरुसा इमरान राना, सपा अध्यक्ष धमेंद्र सिंह ने माथा टेका। गुरुसिंह सभा के अध्यक्ष अरविंदर सिंह व अन्य सेवादारों ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान कुलवीर सिंह, कुलदीप सिंह, गुरुप्रीत सिंह, हरमिंदर सिंह, सतविंदर सिंह सहित अन्य ने सेवा की।