उन्नाव। घर में तार जोड़ने और हीटर पर हाथ सेकते समय करंट लगने से दो की मौत हो गई।
शहर के मोहल्ला ईदगाह पत्थर कॉलोनी निवासी सैफ खां (18) रविवार सुबह घर में लगी बिजली का झालर ठीक कर रहा था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सैफ खान की मौत की पुष्टि होने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए। जिला अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम न कराए जाने की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। लिखित में सहमति लेने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
वहीं, शहर के मोहल्ला सिविल लाइंस पश्चिम खेड़ा निवासी कुसुमा (55) पत्नी स्व. गोपाल को गुरुवार शाम हीटर में तापते समय करंट लग गया था। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान रविवार सुबह मौत हो गई।