नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन के निकट पेट्रोल पंप सामने बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अजगैन कोतवाली के गांव अमरेथा निवासी बसंत (40) पुत्र स्व. छोटा लोध दोस्त अरविंद के साथ बाइक से शहर कोतवाली के गांव रामबक्शखेड़ा निवासी रिश्तेदार के घर होली पर गया था। देर रात वापस दोनों घर लौट रहे थे। लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर अजगैन कोतवाली के जीआरओ पेट्रोल पंप के निकट सामने से आ रही बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बसंत व अरविंद घायल हो गए। घायलों को परिजन स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां बसंत की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन अस्पताल लाए। हालत में सुधार न होते देख रात में ही लखनऊ लेकर जा रहे थे। रास्ते में बसंत ने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी गोमती के अलावा चार बच्चे हैं। बेटे की मौत से मां गंगाजली व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
..............................
माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा था
मृतक बसंत के पिता छोटा की चार साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। माता-पिता की इकलौती संतान होने से परिवार की जिम्मेदारी बसंत के कंधों पर थी। बसंत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। बेटे की मौत से परेशान मां गंगाजली बार-बार बेहोश हो रही थी।