असोहा/पुरवा। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैगांव में शुक्रवार की रात चोरों ने बाप-बेटे को कमरों में बंदकर करीब 15 लाख रुपये का माल पार कर दिया। भागते समय दीवार की ईटें गिरने से लोग जागे तो पत्थर लेकर दौड़ाया।
सूचना पर रात करीब एक बजे गांव पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चोरों की तलाश भी की मगर सफलता नहीं मिली। खोजी कुत्ता भी चोरों का सुराग नहीं लगा सका। सुबह गांव के बाहर एक खेत में खाली डिब्बे मिले। तफ्तीश में जुटी पुलिस को शक है घटना में किसी नजदीकी का हाथ है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव बैगांव निवासी रामशंकर और उनका बेटा अनीस कई साल से कुवैत में काम करते हैं। 22 फरवरी को अनीस की शादी हुई थी। इसी के चलते पिता-पुत्र इन दिनों घर पर थे। शुक्रवार रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने अनीस और रामशंकर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद दूसरे कमरे का ताला तोड़ा और लोहे की एक टंकी में रखे जेवर और अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए।
रामशंकर के मुताबिक पत्नी निर्मला और बहू कविता के करीब चार सौ ग्राम सोने के जेवर, तीन किलो चांदी के जेवर के अलावा विदेशी कपड़े, घड़ी व अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद पड़ोसी गणेश की छत पर फांद रहे थे इसी दौरान दीवार के कुछ ईंटें उखड़ कर गिर गईं।
तेज आवाज होने से गणेश व उनके परिवार के लोगों की नींद खुली तो शोर मचाया। गणेश के मुताबिक उन्होंने दो चोरों को भागते हुए देखा और पत्थर भी फेंके मगर चोर भाग निकलेे। ग्रामीणों की सूचना पर एसआई जितेंद्र ओझा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ चोरों की तलाश भी की मगर सफलता नहीं मिली।
सुबह मौके पर डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची लेकिन उसके हाथ भी कुछ नहीं लगा। पुलिस के मुताबिक जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया उससे किसी नजदीकी का हाथ होने का अंदेशा है। कोतवाली प्रभारी सुरेशचंद्र ओमहरे ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।