बीघापुर स्वास्थ्य केंद्र में स्ट्रेेचर पर लेटा घायल।
- फोटो : अमर उजाला
पुरानी खुन्नस में हमलावरों ने युवक को घेरकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। तमंचे के बटों से जमकर पीटा। दहशत फैलाने रे दर्जनों राउंड फायरिंग की। युवक को मरा समझकर हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। 100 डायल की जीप घायल को सीएचसी में छोड़कर चली गई। स्वास्थ्य केंद्र में युवक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बीघापुर थानाक्षेत्र के खरौली गांव निवासी दिनेश (40) पुत्र सोनेलाल का बारासगवर थानाक्षेत्र के सराय निवासी सोनू, विनय कुमार, गुड्डू, पवन, पुत्रगण बच्चू व बालगोपाल पुत्र कल्लू से जनवरी माह में गेहूं के खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें दिनेश ने परिजनों साथ मिलकर इन लोगों को मारापीटा था। सोमवार देर शाम दिनेश गांव के बाहर चक्की पर गेहूं डालने गया था। वापस आते समय पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर वार कर दिया।
धारदार हथियार से हमला करने से दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने दिनेश को मृत समझ आस-पास क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एक घंटे बाद सौ नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी लाई। पुलिस सीएचसी में घायल को छोड़कर भाग निकली। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बारासगवर थानाध्यक्ष मुकेश बाबू ने बताया कि वह घटना स्थल पहुंच रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।