उन्नाव। भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर और माखी थाने के पूर्व एसओ व दरोगा को कस्टडी रिमांड पर लेकर किशोरी से रेप और किशोरी के पिता की हत्या के प्रकरण में सीबीआई की गहनता से पड़ताल जारी है। जांच के दौरान विधायक के करीबियों में शुमार कई और नाम सामने आए हैं। सीबीआई ने इनकी भी पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं 30 मई को हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश करने की समय सीमा तय होने से सीबीआई विधायक प्रकरण में दर्ज किए गए चारों मुकदमों में ज्यादा से ज्यादा तथ्य जुटा रही है। सीबीआई ने किशोरी के चाचा से भी जून 2017 से अब तक हुए कुछ और घटनाक्रमों की लिखित जानकारी मांगी है।
भाजपा विधायक कुलदीप सिंह प्रकरण की जांच कर रही सीबीआई ने उन्नाव पॉक्सो कोर्ट में विचाराधीन मुकदमा लखनऊ ट्रांसफर करने के हाईकोर्ट के आदेश के बाद जांच की कार्रवाई और तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक विधायक माखी थाने के पूर्व एसओ और दरोगा को कस्टडी रिमांड पर लेने के बाद विधायक के करीबी ब्लाक प्रमुख सहित चार लोगों से पूछताछ कर चुकी सीबीआई को जांच के दौरान विधायक के करीबी कुछ और लोगों के नाम पता चले हैं। यह जांच में सीबीआई के लिए अहम साबित होंगे। सूत्रों की मानें तो सीबीआई ने ऐसे लोगों से कह दिया है कि उन्हें पूछताछ के लिए कभी भी लखनऊ बुलाया जा सकता है। वहीं सीबीआई ने जांच में सामने आ रहे तमाम नए बिंदुओं पर पड़ताल कर उन्हें हाईकोर्ट में पेश की जानी वाली अपनी स्टेटस रिपोर्ट में शामिल करने के लिए किशोरी के चाचा से पूर्व में की गई शिकायतों और प्रार्थनापत्रों में शामिल न हो पाए बिंदुओं को भी लिखित में मांगा है।