बसरेहर। थानाक्षेत्र के अहलादपुरा गांव में खेतों पर लगे दो मोटरों की चोरी होने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। वाद-विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। जिससे दोनों तरफ के दस लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके अलावा ही दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज किया।
अहलादपुरा गांव में कुछ दिन पहले रिंकू पुत्र किशनदत्त व कुलदीप पुत्र मेहरबान सिंह के खेताें से मोटर चोरी हो गए। दोनों को अंदेशा था कि उनके खेतों पर लगे मोटर गांव के ही कुछ युवकों पर था। जिन युवकों पर दोनों को संदेह था, उनके घर वो दोनों शिकायत करने पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में पहले विवाद और फिर पथराव शुरू हो गया। पथराव से कल्लू व टिंकू,शैलेंद्र पुत्रगण श्री चंद्र, श्री चंद्र पुत्र राम स्वरूप, शालिनी पुत्री श्याम सिंह ,अवनीश पुत्र राज बहादुर, राम मिलन पुत्र शिवराम, शुभी पुत्री श्री कृष्ण , मुकेश पुत्र राधेश्याम अंजलि पुत्री श्री कृष्ण घायल हो गई। इसके अलावा दूसरे पक्ष के रमेश पुत्र लाल बिहारी, राघवेंद्र पुत्र रमेश चंद्र भी घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। एसओ बसरेहर विनय दिवाकर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। इसमें तीन-तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अभी पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। बाद में कार्रवाई की जाएगी।