मंगलवार रात नद्दी टोला निवासी वसीम पुत्र स्व. साजिद के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर पिछली दीवार के सहारे छत पर चढ़े और फिर घर में दाखिल हुए। इस दौरान चोरों ने एक-एक कर तीन कमरों को निशाना बनाया। अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर करीब 40 हजार की नगदी समेत ढाई लाख से अधिक के जेवरों पर हाथ साफ कर दिए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मकान की छत पर सोते रह गए। सुबह कमरों में बिखरा सामान देख वसीम व अन्य परिजनों के होश उड़ गए। शोर शराबा सुन पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। वसीम ने आनन-फानन चोरी की सूचना बांगरमऊ पुलिस को दी। तभी पता चला कि पड़ोस के ही रहने वाले कादिर पुत्र हाजी खालिक के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां भी चोर घर की पिछली दीवार के सहारे ही घर में घुसे। कादिर ने बताया कि हजारों की नगदी व जेवर समेत करीब सवा लाख का माल पार किया है। एक साथ दो चोरियों की वारदात से कस्बे में अफरा तफरी का माहौल बन गया। एसआई हसीब अहमद ने दोनों घरों की गहन जांच पड़ताल की। साथ ही पीड़ितों से बातचीत कर नुकसान का ब्योरा लेकर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
एक साल पहले भी चोर कादिर के घर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे चुके हैं। दस लाख की चोरी अभी तक पुलिस की जांच में दफन पड़ी है। मंगलवार रात एक बार फिर चोरों ने कादिर को लाखों की चोट देकर बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
मौरावां (ब्यूरो)। थानाक्षेत्र के गांव सगौली निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक जमुना दयाल शुक्ल के घर से चोर लाखों का माल समेट ले गए। मकान के पीछे की दीवार से चढ़कर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरे की कुंडी तोड़ी। उसके बाद कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 50 हजार की नगदी व तीन लाख के जेवर लेकर फरार हो गए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर जांच को पहुंचे एसआई जोद्धालाल ने बारीकी से जांच पड़ताल की। पीड़ित को जल्द खुलासे का आश्वासन देकर पुलिस कर्मी वापस लौट गए।