शुक्लागंज (उन्नाव)। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक अधेड़ की सिर पर वजनी ईंट या पत्थर और गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसके शव को पुलिस चौकी के पास एक अमरूद के बाग में फेंक दिया।
हत्यारों ने उसकी पहचान मिटाने के लिए चेहरे को किसी केमिकल से जलाया भी है। मृतक के पास से मिले कागजात से उसकी पहचान हुई। मृतक उन्नाव के अजगैन थानाक्षेत्र मैता गांव का मूल निवासी था। वह कई साल से लखनऊ के आशियाना में परिवार सहित रह रहा था। पुलिस बेटे व अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है।
अजगैन थानाक्षेएत्र के जाजमऊ पुलिस चौकी बीट के निकट एखलाख नगर में 20 क्वार्टर मोहल्ला के पास शनिवार सुबह एक अमरूद के बाग में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गंगाघाट थानाक्षेत्र के जुराखनखेड़ा गांव निवासी बागवान राजन की सूचना पर गंगाघाट थानाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, जाजमऊ चौकी इंचार्ज मो. हारुन मौके पर पहुंचे। शव जमीन पर बिछी लाल रंग की चादर पर था।
पास में ही एक कोल्डड्रिंक और पानी की खाली बोतलें भी पड़ी थीं। बाग मालिक राजन ने पुलिस को बताया कि वह सुबह बाग देखने पहुंचा तो यहां शव पड़ा देखा। गले में किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। सिर पर हमला करके और गर्दन पर किसी धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतारने के बाद हत्यारों ने उसके चेहरे को किसी घातक केमिकल से जला दिया।
शव से कुछ ही दूरी पर पुलिस को एक काले रंग का बैग भी मिला जिसमें तीन मई के कुछ अखबार, मोबाइल फोन और अजगैन के मैता गांव निवासी किसी सरजू और प्रभू के नाम की दो खतौनी भी मिली हैं। पुलिस ने मृतक के मोबाइल में डायल किए गए नंबरों और फोनबुक में मौजूद नंबरों पर संपर्क किया तो उसकी पहचान लखनऊ के आशियाना निवासी मुरलीधर लोधी (48) पुत्र स्व. प्रभूनाथ के रूप में हई है।
पुलिस के बुलाने पर मुरलीधर का बेटा चंदन पहुंचा और अपने पिता का शव होने की पुष्टि की। चंदन ने बताया कि उसके पिता दो दिन पहले जमीन के काम से पैतृक गांव अजगैन के मैता जाने की बात कहकर निकले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही हत्यारों तक पहुंचने के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन या अवैध संबंध मुख्य कारण नजर आ रहे हैं। कुछ क्लू भी मिलें हैं जिन पर तफ्तीश चल रही है।