फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की मौत पर किया बवाल

Mon, 19 Jan 2015 12:48 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
सफीपुर (उन्नाव)। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी और साली गंभीर रूप घायल हो गईं। हादसे से खफा ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में आग लगा हरदोई-उन्नाव मार्ग जाम कर दिया। समझाने गई पुलिस पर पथराव कर दिया।
विज्ञापन


बवाल बढ़ता देख आसपास के कई थानों की फोर्स बुलाई गई। पुलिस ने खदेड़ने का प्रयास किया तो भीड़ ने फिर पथराव किया। इसमें सीओ और फतेहपुर चौरासी एसओ समेत करीब दर्जन भर पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस पर पुलिस और पीएसी ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के ककरिया निवासी सुरेंद्र कुशवाहा (22) पुत्र राजबहादुर कुशवाहा की फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के पैसरा गांव में ससुराल है। सुरेंद्र की पत्नी रूबी (21) खिचड़ी पर मायके आई थी। रविवार को सुरेंद्र पत्नी को लिवाने ससुराल आया था। शाम करीब छह बजे वह पत्नी रूबी और साली पूजा (14) को बाइक पर बैठाकर कानपुर लौट रहा था।
विज्ञापन


उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सफीपुर कस्बे के पास महदीखेड़ा गांव के पास हरदोई की ओर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।

घटना की जानकारी होते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही बाइक से दो सिपाही और सफीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही भीड़ ने पथराव कर दिया और उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया।

सूचना मिलते ही फतेहपुर चौरासी, बांगरमऊ और माखी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ ने शव को सड़क से हटाने का प्रयास कर रही पुलिस पर फिर पथराव कर दिया। सीओ सफीपुर आरके सिंह, फतेहपुर चौरासी थानाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा के अलावा दर्जन भर पुलिसकर्मियों को पत्थर लगे।

हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। पथराव से झल्लाई पुलिस ने लाठी चार्ज किया तो प्रदर्शनकारी भाग निकले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना पर मृतक के ससुर अशोक कुशवाहा, कानपुर से मृतक का भाई रामू और रमन के अलावा अन्य परिजन सफीपुर कोतवाली पहुंचे। सीओ आरके सिंह ने बताया स्थिति अब सामान्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें