चकलवंशी। माखी थाना क्षेत्र के चकलवंशी संडीला मार्ग पर 11 फरवरी को हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या छह हो गई है। हादसे में घायल एक महिला की मंगलवार सुबह कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे वाले दिन मृतक महिला की सास की मौत हो गई थी।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के सदमपुर निवासी दिनेश 11 फरवरी को परिजनों के साथ बेटी खुशबू का मुंडन कराने पिकअप से लोधेश्वर मंदिर जा रहे थे। माखी थाना क्षेत्र के मेथीटीकुर के निकट पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गया। हादसे में तीन महिलाओं की दुर्घटनास्थल पर मौत हो गई थी। हादसे में 14 बच्चों समेत 24 लोग घायल हुए थे। घायलों में 11 लोगों को कानपुर रेफर किया गया था। यहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह दिनेश के परिवार की ही पूजा पत्नी गोविंद की मौत हो गई। 11 फरवरी को हुए हादसे में दिनेश की मां सोनेश्वरी, चाची बुधाना व पूजा की सास रामरानी, नन्हकी व एक बच्ची की मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार अभी कई घायलों का कानपुर में इलाज चल रहा है।