गंजमुरादाबाद/बांगरमऊ। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव माखनखेड़ा में तीन दिन से लापता युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटकता मिला। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है। गुमशुदगी की सूचना के बाद भी पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने से परिजनों व ग्रामीणों ने बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ व कोतवाल घटनास्थल पर पहुंचे। इन्होंने परिजनों को समझाया। जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
बांगरमऊ के गांव रानीपुर ग्रंट के मजरा माखनखेड़ा निवासी धीरज कुमार यादव (23) पुत्र परमेश्वरदीन यादव का तीन सालों से गांव की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। 18 फरवरी को धीरज अचानक लापता हो गया। रात में वापस न लौटने पर 19 फरवरी को बड़े भाई सुभाषचंद्र ने गांव के ही राजनारायण पुत्र गजई के अलावा बेटों में लल्ला व गोलू के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही एक को हिरासत में लिया था। उसे रात में छोड़ दिया गया था। मंगलवार सुबह माखनखेड़ा से करीब आधा किलोमीटर दूर अवैक गांव के पास रईस के बाग में धीरज का शव शाल से फांसी के फंदे पर लटका मिला।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। उस समय मृतक के परिजन कोतवाली में ही थे। शव मिलने की जानकारी पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। यहां धीरज के बाएं पैर में धारदार हथियार के कई घाव मिले। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने बांगरमऊ-संडीला मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को नामजद लोगों को हिरासत में लिए जाने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। इस दौरान लगभग एक घंटे तक मार्ग जाम रहा।
कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि अभी हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। परिजन आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
अपहरण कर पीट चुके पिता-पुत्र
परिजनों के मुताबिक धीरज की हत्या वर्ष 2016 में ही कर दी जाती। परिजनों के मुताबिक गांव के ही राजनारायण व उनके दोनों बेटों ने धीरज का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया था। उसे बुरी तरह पीटा गया था। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए धीरज को बचा लिया था। बंधक बनाने वाले पिता-पुत्रों ने धीरज पर चोरी का आरोप लगाया था।
इनसेट
चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था धीरज
धीरज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह काम की तलाश कर रहा था। धीरज की मौत से मां रामदुलारी व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
इनसेट
प्रेमिका के तिलक के दिन ही लापता हुआ था
पुलिस के मुताबिक धीरज जिस लड़की से प्रेम करता था, उसका विवाह परिजनों ने दूसरी जगह तय कर दिया था। 18 फरवरी को उसका तिलक था। उसी दिन धीरज लापता हुआ। 24 फरवरी को प्रेमिका की बारात आनी है। इससे पुलिस आत्महत्या के कोण पर भी जांच कर रही है।
----------------------