फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोहरे हत्याकांड में आरोपी गोलू को बनाया मोहरा

Thu, 11 Aug 2016 12:38 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
घर के सामने मुस्तैद पुलिस - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
भड़सर नौसहरा गांव में ताऊ व चचेरे भाई की हत्या के बाद खुद को गोली से उड़ाने की वारदात के दूसरे दिन गांव में सनसनी फैली रही। मां को पहले ही खो चुकी प्रियंका पिता व इकलौते भाई की हत्या के बाद पूरी तरह टूट चुकी है। बुधवार को प्रियंका ने साजिश के तहत गोलू को मोहरा बनाकर हत्याकांड को अंजाम दिलाने की बात कही। उसने बताया कि गोलू पिता को छोड़कर पूरे परिवार की हत्या की साजिश बनाकर गांव आया था। घर में नौ सदस्य थे और गोलू के पास से नौ कारतूस बरामद हुए हैं। ग्राम प्रधान प्रियंका ने घटना में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
विज्ञापन


मंगलवार नौसहरा की ग्राम प्रधान प्रियंका व उसके परिवार के लिए अमंगल बन गया। चचेरे भाई गोलू का दिया दर्द उसके जीवन भर के लिए नासूर बन गया। मंगलवार तड़के गोलू ने ताऊ रमेश व चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पकड़े जाने के डर से उसने खुद को भी गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली थी। पुलिस व परिजन हत्याकांड जमीन की रंजिश में अंजाम दिए जाने की बात कहते रहे। हत्याकांड की हकीकत सामने लाने के लिए प्रियंका ने खुद को संभालते हुए हुंकार भरी है। उसने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। प्रियंका का आरोप है कि सम्मिलित परिवार को उजाड़ने के लिए किसी अन्य ने गोलू को मोहरा बनाकर खड़ा किया।

प्रियंका ने बताया कि वह जिले की सबसे कम उम्र की प्रधान है। परिवार संपन्न होने और घर में प्रधानी आने के बाद विरोधी बौखला गए। परिवार को उजाड़ने के  लिए उन्होंने गोलू को मोहरा बना डाला। उसने बताया कि गोलू पूरे परिवार का सम्मान करता था। सबका प्रिय था। प्रधानी के चुनाव में भी उसने जीतोड़ मेहनत की। अचानक ऐसा उसके मन में क्या आ गया कि वह परिवार के लोगों की जान का दुश्मन बनने के साथ खुद की जान दे बैठा। प्रियंका ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने नौ कारतूस बरामद किए हैं। जिसमेें कुछ मिस, जिंदा व खोखे हैं। गोलू के पिता को छोड़कर परिवार में नौ सदस्य थे। बरामद कारतूस व घर के सदस्यों की संख्या भी नौ थी। प्रधान ने अंदेशा जताया कि पिता को छोड़कर पूरे परिवार की हत्या की योजना बनाकर आया था। ताऊ और चचेरे भाई की हत्या करने के बाद उसने छोटे ताऊ व ताई पर भी फायर झोंकी थी। फायर मिस होने से दोनोें की जान बच गई। प्रियंका ने संपत्ति विवाद में हत्या की बात को नकारा है। उसका कहना है कि परिवार के किसी भी सदस्य में संपत्ति को लेकर कभी भी तू-तू-मै-मै नहीं हुई।
विज्ञापन


 इंसेट।
दूसरे दिन भी गांव में रहा पुलिस का पहरा
ऐतिहात के तौर पर वारदात के दूसरे दिन भी गांव में पुलिस फोर्स व पीएसी तैनात रही। घटना से पूरा परिवार दहशत में है। बिरादरी के लोग भी इस वारदात के बाद खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे है। प्रियंका के परिवार के साथ बिरादरी के लोगों को भी अपनी जान का खतरा सता रहा है। सभी की जुबां पर गोलू को मोहरा बनाकर हत्याकांड को अंजाम देने की बात रही।

इंसेट।
ठंडे रहे चूल्हे
ग्राम प्रधान के घर हुई घटना के दूसरे दिन भी घर का चूल्हा ठंडा रहा। बिरादरी के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के साथ उन्हें भूखा न रहने देने की हर कोशिश करते रहे। पिता व इकलौते भाई की मौत से प्रियंका व उसकी अन्य दोनों बहने रह रह कर सिसकियां भरती रहीं। परिवार के लोग भी दर्द को भुला नहीं पा रहे हैं। गोलू के माता-पिता भी इस दर्द से पूरी तरह टूट चुके है। उन्हें भी यकीन नहीं हो रहा कि इतनी कम उम्र के उसके बेटे ने इतना बड़ा फैसला कैसे ले लिय्रा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें