नमक की किल्लत होने की भ्रामक खबर से लोगों में अफरातफरी मच गई। किराना दुकानदारों के यहां ज्यादा से ज्यादा नमक के पैकेट खरीदने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। शनिवार को जिला पूर्ति अधिकारी ने शहर की कई बड़ी दुकानों में छापेमारी की। इस दौरान उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली। हालांकि उन्होंने दुकानदारों को निर्धारित मूल्य पर ही नमक बेचने की सख्त हिदायत दी। चेतावनी दी कि यदि अधिक मूल्य पर नमक बेचने की शिकायत मिली तो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी नसीम अख्तर शनिवार शाम 4 बजे के करीब सबसे पहले स्टेशन रोड स्थित ओम ट्रेडर्स पहुंचे। इसके संचालक रामकुमार गुप्ता हैं। उनकी दुकान के बाहर लगभग भारी संख्या में नमक की बोरियां रखी हुई थीं। उन्होंने स्टाक चेक किया। उन्होंने दुकानदार को निर्देश दिए कि नमक को निर्धारित दर पर ही बेचें। इसके बाद वह एबीनगर स्थित श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी पहुंचे। यहां पर 1500 किलोग्राम नमक रखा मिला। इसके बाद वह क्षेत्र में ही स्थित पद्म कुमार गुप्ता की भी दुकान पर गए। उनके पास 350 कट्टे नमक का स्टाक मिला। फिर वह लक्ष्मीशंकर ट्रेडिंग कंपनी पहुंचे और नमक का स्टाक चेक किया। डीएसओ ने बताया कि सभी दुकानों पर किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली। शुक्रवार रात शुक्लागंज के मिश्रा कालोनी झंडे वाला चौराहे के निकट एक दुकानदार द्वारा नमक महंगे दामों पर बेचने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच मारपीट हो गई। किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मामला शांत हो गया। इसी तरह से रहमत नगर और अहमद नगर में नमक महंगा बेचने का विरोध करने पर दुकानदार और ग्राहकों के बीच मारपीट होने की बात कहीं गई। शुक्रवार रात से लेकर अगले दिन सुबह तक नमक के महंगे होने को लेकर लोगों के बीच अफ रा तफ री का माहौल व्याप्त रहा। दोपहर बाद स्थितियां सामान्य हुई जिसके बाद नमक अपने पुराने दामों में बिकने लगा। वहीं गंगाघाट थानाध्यक्ष ने बताया कि नमक की कालाबाजारी को लेकर किसी प्रकार की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
जमाखोरी मिली तो होगी कानूनी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि कुछ अराजकतत्वों द्वारा नमक की कमी होने की अफवाह फैलाई जा रही है। जबकि ऐसा नहीं है। जिले में प्रचुर मात्रा में नमक उपलब्ध है। जो किराना, फुटकर व थोक आदि दुकानों पर निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर नमक की बिक्री या अनावश्यक नमक की जमाखोरी करता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।