उन्नाव। असोहा व सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में सराफा कारोबारियों से हुई लूट का खुलासा अब ‘स्पेशल 16’ टीम करेगी। एसपी के निर्देश पर गठित की गई टीम की जिम्मेदारी सीओ बीघापुर को दी गई है। टीम में आपराधिक घटनाओं का आसानी से खुलासा करने वाले तीन तेज तर्रार इंस्पेक्टरों के अलावा एसओजी टीम व पांच एसआई शामिल किए गए हैं।
असोहा थानाक्षेत्र के कंदरपुर निवासी सराफ अंकित सोनी से 2 फरवरी की रात हांडा सिटी सवार बदमाशों ने लूटपाट की थी। वह जेवरात से भरा बैग लूटकर भाग निकले थे। एसपी ने सर्किल के क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में असोहा थानाध्यक्ष, एसओजी व सर्विलांस टीम को खुलासा की जिम्मेदारी दी थी।
हालांकि अब तक घटना का खुलासा नहीं हो सका। इसी बीच 9 फरवरी की रात सफीपुर में परियर बिठूर मार्ग पर तीन बदमाशों ने सराफा राहुल से दो लाख रुपये के जेवर से भरा बैग लूट लिया था। सफीपुर की घटना के बाद से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे थे। ऐसे में एसपी हरीश कुमार ने दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए सोमवार को स्पेशल 16 टीम का गठन किया। उन्होंने क्षेत्राधिकारी बीघापुर स्वतंत्र सिंह को टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी है।
टीम में जिले के तीन इंस्पेक्टर, पांच एसआई व एसओजी टीम के सदस्य भी शामिल किए गए हैं। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह एक सप्ताह के अंदर दोनों घटनाओं का खुलासा करे। एसपी हरीश कुमार ने बताया कि जिन थानाक्षेत्रों में घटनाएं हुई हैं वहां की पुलिस भी जांच जारी रखेगी।