अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज(उन्नाव)। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव बरिगवां में प्राचीन जालिपा देवी मंदिर की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा जमा लिया। विरोध करने पर मंदिर के पुजारी को पीट दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की। सुनवाई नहीं हुई। अब पुजारी ने जिलाधिकारी व एसपी से शिकायत की है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज-कुइथर मार्ग के समीप बरिगवां में जालिपा देवी का प्राचीन मंदिर है। लालपुर गांव निवासी मुख्य पुजारी अनिल कुमार सैनी ने बताया कि मंदिर परिक्षेत्र दस बीघे में फैला हुआ है। इन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के कुछ लोगों ने मंदिर की तीन बीघा जमीन पर कब्जा जमा लिया है।
यह लोग मंदिर आने वाले लोगों से अभद्रता करते हैं। गंदगी भी फैलाते हैं। कब्जा हटाने के लिए कहने पर इन्होंने पिटाई कर दी। इसकी अजगैन कोतवाली में सूचना दी। कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने जिलाधिकारी व एसपी को दिए शिकायती पत्र में जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर पुजारी को पीटा
पुजारी का आरोप, अजगैन पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
पीड़ित ने एसपी व डीएम को दिया शिकायती पत्र