पंचायत सचिव व बैंक प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मुकदमा
उन्नाव। ग्राम पंचायत बिछिया के प्रधान ने खुद के फर्जी हस्ताक्षर से ग्राम निधि खाते से साढ़े सात लाख रुपये निकालने के मामले में सचिव व बैंक शाखा प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिछिया में प्रधान छेदीलाल और सचिव रजनीकांत पांडेय कार्यरत हैं। प्रधान छेदीलाल ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी रजनीकांत ने अप्रैल से अब तक ग्राम निधि खाता प्रथम से 618420 व ग्राम खाता निधि छह से 148400 रुपये की धनराशि उसके फ र्जी हस्ताक्षर बनाकर निकाल ली। ग्राम पंचायत के सारे अभिलेख व चेक सचिव के पास ही रहती हैं। प्रधान के मुताबिक ग्राम पंचायत अधिकारी ने 20 अगस्त को फ ोन से बताया कि इन खाताें से फ र्जी हस्ताक्षर से रुपये निकाल लिए गए।
बैंक स्टेटमेंट में खातों से धन निकाले जाने की पुष्टि हुई। प्रधान ने इस मामले में पीएनबी बैंक की स्थानीय शाखा के प्रबंधक की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधान के शिकायती पत्र के आधार पर पंचायत सचिव व पीएनबी शाखा प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-बिछिया गांव के ग्राम निधि के खाते से साढ़े सात लाख निकाले जाने का मामला, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
बीडीओ की जांच में मामला सही पाया गया
ग्राम प्रधान छेदीलाल ने मामले की शिकायत सीडीओ से भी की थी। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर बीडीओ बिछिया ने जांच की थी। इसमें शिकायत सही पाई गई। बिछिया विकासखंड में तैनात सचिव रजनीकांत के पास बिछिया के अलावा पवई, कुईथर, सकरन समेत सात ग्राम पंचायतों का चार्ज है। इन सभी पंचायतों के प्रधानों ने सीडीओ को 20 लाख रुपये से अधिक धनराशि निकाले जाने की शिकायत की थी। सीडीओ ने डीपीआरओ और लीड बैंक मैनेजर को मामले की जांच दे दी है। दोनों अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। अभी अंतिम जांच रिपोर्ट नहीं दी है।