ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाला धरा गया
उन्नाव। प्लेटफार्म व ट्रेनों में यात्रियों को शिकार बनाने वाला शातिर चोर जीआरपी के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने गश्त व मुखबिरों की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन परिसर में चोर को उस समय दबोच लिया, जब वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। जीआरपी के मुताबिक पकड़ा गया युवक शातिर चोर है। जिले के पुलिस थानों में उसका रिकार्ड तलाशा जा रहा है।
जीआरपी इंस्पेक्टर सीपी सिंह ने चेकिंग के दौरान शनिवार को रेलवे स्टेशन के आउटर परिसर से दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया था। घंटों चली पूछताछ में एक युवक ने मोबाइल चोरी करना कबूल किया। वहीं दूसरे युवक के निर्दोष होने पर रविवार सुबह छोड़ दिया गया।
मोबाइल चोरी करने वाला शातिर अभिषेक मिश्र शहर कोतवाली के मोहल्ला कल्याणी का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में शातिर ने ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने की घटना स्वीकार की। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक के पास से चोरी का एक स्मार्ट फोन व 1900 रुपये नगद मिले।
युवक साइकिल चोरी की वारदात में जेल जा चुका है। बताया कि युवक को जेल भेज दिया गया। साथ ही जिले के अन्य थानों में उसका आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
- जीआरपी ने युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो