मजदूर को टक्कर मारकर ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला
उन्नाव। उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर ललऊखेड़ा के निकट एक डिग्री कॉलेज के सामने तेज रफ्तार ट्रक पैदल जा रहे मजदूर को रौंदने के साथ ही बाइक से टकरा गया।
हादसे में बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरे। बाइक ट्रक में फंसकर लगभग छह किलोमीटर तक अचलगंज के लोहचामोड़ तक घिसटती चली गई। लोहचा मोड़ पर पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर चालक को हिरासत में ले लिया।
उधर सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे सदर विधायक घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल लाए। यहां एक युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर कर दिया। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया।
शहर के मोहल्ला जवाहरनगर सत्ती तालाब निवासी अरविंद चौधरी (45) पुत्र लालू अपने बेटे सुदर्शन उर्फ गोलू (20) के साथ ही चचेरे भाई सन्नी (17) पुत्र बाबादीन के साथ बाइक से अचलगंज गए थे। सीएम का कार्यक्रम खत्म होेने से तीनों बीघापुर निकल गए।
शहर के ललऊखेड़ा के निकट उन्नाव से रायबरेली की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक शहर के मोहल्ला कल्याणी देवी निवासी मजदूर धुन्नी लोध पुत्र दुलारे को रौंदने के बाद अनियंत्रित हो गया। ट्रक सामने से आ रही बाइक से टकरा गया।
इससे बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंसकर अचलगंज थानाक्षेत्र के बदरका मोड़ तक लगभग छह किलोमीटर घिसटती चली गई। वायरलेस से घटना की जानकारी होते ही अचलगंज पुलिस ने ट्रक को चालक सहित हिरासत में लिया है।
उधर सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे सदर विधायक पंकज गुप्ता घायलों को अपनी गाड़ी से भिजवाने लगे। तब तक अस्पताल चौकी इंचार्ज रामजीत एंबुलेंस के साथ पहुंच गए। दो घायलों को एंबुलेंस से व दो को सदर विधायक की गाड़ी से अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। अरविंद व सन्नी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। धुन्नी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
- एक की मौत, मजदूर सहित तीन घायल, सदर विधायक व अस्पताल चौकी इंचार्ज घायलों को लाए जिला अस्पताल, दो की हालत गंभीर देख, कानपुर किया गया रेफर, टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंसकर छह किलोमीटर तक घिसटती रही
अमर उजाला ब्यूरो