कन्नौज नाबालिग लड़की का बलात्कार
- फोटो : SELF
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेल रही बच्ची को पड़ोस में रहने वाला युवक टाफी देने के बहाने गांव के बाहर एक कोठरी में लेकर गया। युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा भर दिया। वह बेहोश बच्ची को मरा समझकर भाग निकला। काफी देर तक बच्ची के न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। इन्हें बच्ची कोठरी में बेहोशी की हालत में निर्वस्त्र मिली।
पुलिस ने परिजनों के साथ बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टर ने बच्ची की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं एसपी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
शहर कोतवाली के एक गांव में बुधवार की शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।
इस दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा। युवक बच्ची को टाफी दिलाने के बहाने घर से कुछ दूर पर बनी कच्ची कोठरी में ले गया। उसके मुंह में कपड़ा भर दिया। इसके बाद हवस का शिकार बनाया। बच्ची बेहोश हुई तो आरोपी उसे मृत समझकर भाग निकला। परिजन उसकी तलाश करते हुए कच्ची कोठरी तक पहुंचे। बच्ची को लहूलुहान देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
बच्ची को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने बच्ची की हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाली पुलिस बच्ची के पिता से तहरीर लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी में जुट गई है। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं में जेल भेजा जाएगा।