उन्नाव। सदर कोतवाली के तालिब सरायं निवासी युवक ने पत्नी व उसके घर वालों पर तीन लाख के जेवर व नगदी चोरी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला तालिब सरायं निवासी एजाजुद्दीन पुत्र शहाबुद्दीन का आरोप है कि उसकी मां की तबीयत खराब थी। इलाज के लिए वह मई 2018 में लखनऊ ले गया था। घर पर पत्नी रिजवाना व उसके मायके के कुछ सदस्य मौजूद थे। एजाजुद्दीन के मुताबिक जब वह इलाज कर घर लौटा तो पत्नी व उसके परिवार के लोग घर में नहीं मिले। अलमारी में रखे सोने के जेवर व 30 हजार रुपये गायब थे।
एसपी को भी प्रार्थना पत्र देने पर भी कार्रवाई न हुई तो न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की पत्नी रिजवाना व कानपुर के चमनगंज निवासी नौशाद, आलिया, नूजरत, मेजबीन व शाबान खान के खिलाफ चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी दिनेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
- मां का इलाज कराने लखनऊ गया था युवक, घर लौटा तो गायब मिले जेवर