फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो घरों से जेवर व नगदी समेत 24 लाख की चोरी

विज्ञापन
माखी के धौकलखेड़ा में प्रबंधक के घर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
गंजमुरादाबाद/चकलवंशी। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में पूर्व प्रधान और माखी थाना क्षेत्र में इंटर कालेज के प्रबंधक के घर से चोर जेवर व नगदी समेत 24 लाख का सामान उठा ले गए। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव रतईपुरवा में रविवार की रात चोरों ने पूर्व प्रधान के घर को निशाना बनाया। पूर्व प्रधान के घर से चोर करीब 11 लाख का जेवर व एक लाख नगद ले गए। गांव भिखारीपुर पतसिया के मजरा रतईपुरवा निवासी फूलन देवी दो बार ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। एक साल पहले उनके पति रामऔतार राजपूत की बीमारी से मौत हो गई थी। फूलन देवी ने बताया कि रविवार रात उनका बेटा राहुल एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने पड़ोस के गांव गया था। देर रात लौटा और छत पर सोने चला गया।
घर के अंदर फूलन देवी व अन्य सदस्य सो रहे थे। देर रात घर में दाखिल हुए चोर बक्सों के ताले तोड़कर जेवर नगदी समेट ले गए। सोमवार सुबह जब फूलन देवी की नींद खुली तब चोरी की जानकारी हुई। फूलन देवी ने बताया कि बक्से में रखे एक लाख रुपये नगद के अलावा सोने की चेन, पायल, अंगूठी, चांदी के सिक्के सहित 11 लाख कीमत के जेवर चोरी हुए हैं। बेटे राहुल ने सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहुल की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

उधर, माखी थाना क्षेत्र के धौकलखेड़ा गांव में चोर रविवार की रात इंटर कालेज के प्रबंधक के घर से डेढ़ लाख रुपये नगद व लगभग 11 लाख रुपये का जेवर उठा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने डॉग स्क्वायड के साथ पहुंचकर जांच की। पीड़ित की तहरीर पर चोरी की रिपेार्ट दर्ज कर ली है।
धौकलखेड़ा गांव निवासी शिवनारायण सिंह का गांव में ही इंटर कालेज है। वह स्कूल के प्रबंधक हैं। शिवनारायण सिंह ने बताया कि रविवार रात वह बेटों के साथ घर में सो रहे थे। तभी घर के पीछे बने भाई धर्मराज के घर से चोर उसके घर में दाखिल हो गए। चोरों ने पांच कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़कर लगभग 25 तोला सोना व डेढ़ किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। खोजी कुत्ता घर से बाहर निकल तीन सौ मीटर दूर धनुकन तिराहे तक जाकर भटक गया। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उधर, शिवनारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे सत्येंद्र सिंह का विवाह तय है। 12 जून को तिलक होना है। बहू के लिए ज्वैलरी भी खरीद ली गई थी। गेहूं बेचकर टेंट, रसोइया, बैंड आदि को पैसा देने के लिए तीन लाख रुपया घर में रखा था। चोरों के हाथ डेढ़ लाख रुपया लगा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें