अमर उजाला ब्यूरो
असोहा (उन्नाव)। बैंक से रुपये निकालकर पैदल घर लौट रहीं महिलाआें को रास्ते में रोक कर बाइक सवार लुटेरों ने असलहों के बल पर 51 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया और भाग निकले। महिलाओं के शोर मचाने पर लोगों ने लुटेरों का पीछा भी किया लेकिन वे हाथ नहीं लगे। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस चार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
मौरावां थानाक्षेत्र के गांव बहवा निवासी रामावती पत्नी हेमराज गांव की आशा देवी व मंशाखेड़ा गांव निवासी ऊषा के साथ भवानीगंज स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गईं थीं। यहां रामावती ने जमीन खरीदने के लिए पचास हजार रुपये निकाले। दोपहर करीब एक बजे वह दोनों महिलाओं के साथ पैदल घर लौट रही थी। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर संडौली गांव के पास पहुंचीं थी कि बाइक सवार दो लुटेरे पहुंचे और तमंचा के बल पर रामावती से उसका थैला छीन लिया। थैले में पचास हजार रुपये थे। बदमाशों ने ऊषा का पर्स और मोबाइल फोन भी लूट लिया और मोहलालंगज की ओर भाग निकले।
महिलाओं ने शोर मचाया तो लोगों ने पीछा करने का प्रयास किया लेकिन तब तक लुटेरे आंखों से ओझल हो चुके थे। रामावती ने बताया उसके पति हेमराज दो साल से सऊदी अरब में काम कर रहे हैं। उसे गांव में एक प्लाट खरीदना था। इसमें पचास हजार रुपये कम थे। इसीलिए उसने बैंक से रुपये निकाले थे। ऊषा का कहना है कि उसकी पर्स में 950 रुपये व मोबाइल फोन था जो लुटेरे लेकर भाग निकले। सूचना पर एसओ मौके पर पहुंचे और जांच की। पीड़िता रामावती की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया है। एसओ राजकुमार सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-जमीन खरीदने के लिए बैंक से निकाले थे 50 हजार रुपये
-साथी महिला से 950 रुपये व मोबाइल लूटकर भाग निकले
-पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी