अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। शहर कोतवाली क्षेत्र के दही चौकी स्थित स्लाटर हाउस में वसूली करने गए कार सवार युवकों ने जबरन भीतर जाने का प्रयास किया। गेट न खुलने पर हंगामा काटा। गेट मैन की सूचना पर पुलिस पहुंची। सिपाही ने विरोध किया तो युवकों ने उस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। बचाव में सिपाही ने कार के शीशे पर डंडा मारा तो युवक कार मोड़कर भाग निकले। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इंडाग्रो फूड्स में शुक्रवार रात करीब 11 बजे सफे द रंग की कार से दो युवक पहुंचे। कई बार हार्न दिया लेकिन गेटमैन ने गेट नहीं खोला। इससे नाराज युवकों ने गेट पर चढ़कर भीतर फांदने का प्रयास किया। गेटमैन ने सौ नंबर पर सूचना दी। दही चौकी में तैनात ऐक्शन मोबाइल 3 का सिपाही दिलीप साथी होमगार्ड रामपाल के साथ पहुंचा। पुलिस को देखते ही कार सवार युवक भागने लगे। सिपाही ने रोकने का प्रयास किया तो उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। सिपाही को कार से टक्कर मारने का प्रयास किए जाने की सूचना पर दही पुलिस चौकी इंचार्ज हसीब अहमद भी पहुंचे और स्लाटर हाउस में लगे सीसीटीवी खंगाले हालांकि अंधेरा होने की वजह से कार का नंबर अभी नहीं मिल पाया है।
पुलिस आसपास अन्य फैक्ट्रियों में लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने की बात कह रही है। स्लाटर हाउस के मैनेजर मो. शादाब ने बताया कि रात में कुछ लोग कार से फैक्ट्री आए थे। वह भीतर जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन गेटमैन ने गैट नहीं खोला। युवक किस इरादे से आए थे। इसका पता नहीं चल पाया है।
-गेटमैन की सूचना पर पहुंचे सिपाही पर कार चढ़ाने का किया प्रयास
-बचाव में सिपाही ने कार के शीशे पर मारा डंडा तो भाग निकले कार सवार