उन्नाव। शहर के बंधुहार में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के ससुर पूर्व उप ब्लाक प्रमुख को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के पिता ने दामाद समेत छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या व दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया था। मृतका का पति और सास पहले ही जेल जा चुके हैं।
रायबरेली जिले के थाना सरेनी निवासी राकेश सिंह की बेटी ज्योति की शादी 4 दिसंबर 2017 को बंधुहार निवासी पूर्व ज्येष्ठ उप ब्लाक प्रमुख मुन्नू चौहान के बेटे संजीव कुमार सिंह से हुई थी। 14 मई को बंधुहार स्थित घर में गोली लगने से ज्योति की मौत हो गई थी।
पिता राकेश सिंह ने पति संजीव, ससुर मुन्नू सिंह, सास, जेठ लिंकन, जेठानी विनीता सिंह व दादिया सास देवकली पर गैर इरादतन हत्या व दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस आरोपी संजीव व उसकी सास को पहले गिरफ्तार कर चुकी थी। गुरुवार को पुलिस ने मुन्नू चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।