उन्नाव। चुनाव से पहले तस्कर अवैध असलहों और शराब को खपाने में सक्रिय हो गए हैं। शनिवार को कानपुर व आसपास के जिलों में हुई छापेमारी में बड़ी मात्रा में अवैध असलहे बरामद भी हुए हैं। वहीं गंगाघाट पुलिस ने गैर प्रांत की 110 पेशी शराब बरामद की है। पूर्व में कई असलहा फैक्टरियों का भंडाफोड़ होने से एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को सतर्क रहने और अवैध हथियारों और शराब के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर नजर रखने व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके लिए खुफिया पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है।
लोकसभा नजदीक आते ही असलहों की आपूर्ति करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। देशी असलहों के अलावा आधुनिक असलहों की आपूर्ति भी शुरू हो चुकी है। शनिवार को कानपुर में पुलिस ने कुलीबाजार निवासी बब्लू टायसन, अय्याज, जीशान और रिजवान को पकड़ने के लिए दबिश दी थी।
पुलिस को इस इस दौरान कई असलहे भी मिले थे। कानपुर में हुई कार्रवाई के तार उन्नाव से भी जुड़े थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक युवक को हिरासत में भी लिया गया था। जिसके बाद उन्नाव पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। एसपी एमपी वर्मा ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वह पूरी तरह से अलर्ट रहे। इस बात की पुष्टि कर ली जाए कि उनके क्षेत्र में अवैध असलहों का कारोबार न होने पाए। उन्होंने बताया कि खुफिया विंग, एसओजी व स्वाट को भी सक्रिय कर दिया गया है।
अचलगंज के कटरी में पकड़ी थी असलहा फैक्टरी
अचलगंज पुलिस ने कटरी में झोपड़ी में चल रही असलहा फैक्टरी एक माह पूर्व पकड़ी थी। पुलिस की गिरफ्त में आया राजकुमार विश्वकर्मा असलहों को आसपास के जिलों में सप्लाई करता था। आगामी चुनाव के लिए वह बड़ी मात्रा में असलहे बना भी रहा था। हालांकि पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार के पास से पांच देशी बंदूक, बीस तमंचा व असलहा बनाने वाले उपकरण बरामद हुए थे।
-एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को कार्रवाई के दिए निर्देश
-एक माह पूर्व अचलगंज में पकड़ी गई थी असलहा फैक्टरी