सुन्न करने के इंजेक्शन के नाम पर वसूली
उन्नाव। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की मनमानी जारी है। देररात अस्पताल आने वाले मरीजों से उगाही की जा रही है। बुधवार रात सांड़ के हमले से घायल युवक को इमरजेंसी वार्ड में तैनात स्वास्थ्य कर्मी ने सुन्न करने का इंजेक्शन लगाए बिना ही टांके लगाने शुरू कर दिए। तीमारदारों के विरोध पर कर्मचारी ने इंजेक्शन न होने की बात कही। बाद में तीमारदारों से 300 रुपये लेने के बाद कर्मचारी ने अस्पताल में रखे इंजेक्शन को लगाकर इलाज किया।
अजगैन थानाक्षेत्र के नानाटीकुर निवासी बच्चन त्रिवेदी (25) पुत्र अयोध्या पर बुधवार रात सांड़ ने हमला कर घायल कर दिया था। सांड़ के हमले से बच्चन त्रिवेदी का पेट फट गया। देर रात करीब दो बजे परिजन बच्चन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां तैनात स्वास्थ्य कर्मी ने बच्चन का उपचार किया।
बच्चन के साथ मौजूद उनके बड़े भाई रामबाबू त्रिवेदी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी ने सुन्न करने का इंजेक्शन लगाए बिना ही पेट में टांके लगाने शुरू कर दिए थे। इस पर बच्चन दर्द से चीखने लगे। शिकायत पर स्वास्थ्य कर्मी ने मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन लाने के लिए कहा। अधिक रात होने से बाहर इंजेक्शन नहीं मिला।
रामबाबू का आरोप है कि स्वास्थ्यकर्मी ने उनसे 300 रुपये लेने के बाद अस्पताल से लाकर इंजेक्शन लगाया। पीड़ित के भाई ने इसकी शिकायत विभाग से उच्चाधिकारियों से की है।
- सांड़ के हमले से घायल युवक से लिए 300 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो