पाटन। बिहार थाना क्षेत्र के मनिकापुर में दो माह पहले लगाए गए साइकिल चोरी के आरोप की खुन्नस में बुधवार शाम हमलावरों ने तीन सगे भाइयों पर चाकू व ईंट पत्थर से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल भाइयों को कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
मनिकापुर गांव निवासी बबलू लोधी की दिवाली में साइकिल चोरी हो गई थी। लोगों के बताने पर बबलू लोधी ने मोहकमपुर के रहने वाले भूपेंद्र सिंह उर्फ भोपू सिंह पर साइकिल चोरी का आरोप लगाया था। इस पर विवाद हुआ था। बुधवार देर शाम बबलू का बेटा दीपक मनिकापुर बाजार गया था। तभी भूपेंद्र ने डंडे से पीटा। किसी तरह बचकर दीपू भागकर घर पहुंचा। पीछे से दो बेटों के साथ आए भूपेंद्र ने चाकू से हमला कर दीपू को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पर भूपेंद्र व उसके बेटों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इससे दीपू के भाई अंकित व अंशू के सिर फट गए। एसओ दुर्गादत्त सिंह ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।