तालाब में डूबे अजय की मौत पर जिला अस्पताल में हंगामा करते परिजन। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/परियर। तालाब व नाले में डूबने से युवक और दो साल की बच्ची की मौत हो गई। पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़े युवक के परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने पंचानामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
फतेउल्लानगर निवासी 21 वर्षीय अजय ने गांव के तालाब में मछली पाल रखी है। गुरुवार को वह नाव में बैठकर मछलियों को दाना चुगा रहा था। अचानक नाव का संतुलन बिगड़ने से वह तालाब में गिर गया। 25 फिट गहरा होने से वह तालाब से बाहर नहीं निकल सका। पुलिस ने शुक्लागंज से चार गोताखोर बुलवाए। तीन घंटे बाद पहुंचे गोताखोराें ने खोजबीन की। कुछ देर में ही वह अजय को बाहर निकाल लाए। जीवित होने की आशंका पर परिजन जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दो भाई व एक बहन में मृतक अजय छोटा था। बड़े भाई आशीष, बहन पूजा व पिता रघुवीर का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, कोतवाली सफीपुर के परियर के मजरा कोलवा निवासी जगतपाल निषाद की दो वर्षीय बेटी सपना घर से कुछ दूरी पर कल्याणी नदी से गांव के लिए निकले नाले में गिर गई। उसके घर में न मिलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर शाम उसका शव नाले में मिलने पर हड़कंप मच गया। शव देख परिजन बेहाल हो गए।